डोमेन स्टोर

डोमेन रजिस्ट्रेशन की शर्तें और रिफ़ंड नीति

जब आप NameCheetah से कोई डोमेन नाम रजिस्टर या रिन्यू करते हैं, तब ये शर्तें लागू होती हैं। ये हमारी सामान्य उपयोग की शर्तों के साथ जुड़ती हैं।

1. कौन क्या करता है

NameCheetah को Emmanova Digital चलाता है। हम डोमेन रजिस्ट्रेशन रिसेलर के तौर पर बेचते हैं: नाम हमारे रजिस्ट्रार साझेदार Dynadot के ज़रिए उस एक्सटेंशन की रजिस्ट्री में दर्ज होता है।

नाम उसी व्यक्ति या संस्था के नाम पर दर्ज होता है, जिसकी जानकारी आप मालिक के तौर पर भरते हैं। मालिक आप हैं; हम नाम अपने पास नहीं रखते।

2. आपकी जानकारी सही होनी चाहिए

डोमेन के नियमों के मुताबिक़ मालिक की जानकारी असली होनी चाहिए। यह जानकारी रजिस्ट्रार और रजिस्ट्री को जाती है। रजिस्ट्री आपके ईमेल या फ़ोन की पुष्टि माँग सकती है। जिस नाम के मालिक की पुष्टि न हो पाए, उसे रजिस्ट्री रोक या रद्द कर सकती है, और हम उसे पलट नहीं सकते।

3. दाम और भुगतान

भुगतान से पहले जो दाम दिखता है, वही आपकी चुनी हुई अवधि का पूरा दाम है। भारत के ग्राहक रुपये में Razorpay से भुगतान करते हैं; बाक़ी देशों के ग्राहक अमेरिकी डॉलर में PayPal से। चेकआउट पर हम कुछ नहीं जोड़ते। आपका बैंक या PayPal मुद्रा बदलने का अपना शुल्क ले सकता है।

कुछ गिने-चुने नामों को रजिस्ट्री प्रीमियम दाम पर रखती है। ऐसे नाम हम ऑनलाइन चेकआउट से नहीं बेचते।

4. मियाद और रिन्यूअल

आप नाम एक साल के लिए रजिस्टर कर सकते हैं; दो साल एक साथ ले सकते हैं (पहले साल का सामान्य दाम और रिन्यूअल का सामान्य दाम, दोनों चेकआउट पर); या 3 साल का प्लान ले सकते हैं: उसमें पहले साल का दाम कम होता है और अगले दो साल का दाम उसकी भरपाई के लिए ज़्यादा, तीनों साल का भुगतान चेकआउट पर। कुल रकम भुगतान से पहले दिखती है। कुछ एक्सटेंशन (जैसे .ai) सिर्फ़ दो-दो साल के लिए मिलते हैं। कई नाम एक कार्ट में एक ही भुगतान से ख़रीदे जा सकते हैं।

डोमेन अभी अपने आप रिन्यू नहीं होते। मियाद ख़त्म होने से 30, 7 और 1 दिन पहले हम ईमेल भेजते हैं, और आप "मेरे डोमेन" पेज से एक साल के लिए रिन्यू कर सकते हैं।

नाम अपने पास रखने के लिए उसे "मेरे डोमेन" पेज पर दिख रही मियाद से पहले रिन्यू करना ज़रूरी है। रिन्यूअल उस दिन लागू दाम पर होता है, जो पहले साल के दाम से अलग हो सकता है।

मियाद की तारीख़ याद रखना आपकी ज़िम्मेदारी है। समय पर रिन्यू न होने पर नाम काम करना बंद कर देता है, और रजिस्ट्री की छूट-अवधि के बाद उसे कोई भी रजिस्टर कर सकता है।

5. रिफ़ंड नीति

अगर हमने आपका भुगतान ले लिया और नाम रजिस्टर नहीं हो पाया (जैसे उसी पल किसी और ने ले लिया), तो पूरी रकम उसी भुगतान माध्यम (Razorpay या PayPal) में लौटा दी जाती है जिससे आपने भुगतान किया था। कई नामों वाले कार्ट में सिर्फ़ उस नाम की रकम लौटती है जो रजिस्टर नहीं हो पाया; बाक़ी नाम रजिस्टर हो जाते हैं।

नाम रजिस्टर या रिन्यू हो जाने के बाद ऑर्डर रद्द नहीं होता और पैसा वापस नहीं मिलता। वजह यह है कि नाम दर्ज होते ही रजिस्ट्री पूरे साल का शुल्क ले लेती है और उसे लौटाती नहीं।

स्पेलिंग की ग़लती रिफ़ंड का आधार नहीं है, इसलिए भुगतान से पहले नाम ध्यान से जाँच लीजिए।

6. नेमसर्वर और नाम का इस्तेमाल

"मेरे डोमेन" पेज पर आप नाम को DNS रिकॉर्ड, वेब फ़ॉरवर्डिंग या अपने नेमसर्वर से ख़ुद जोड़ सकते हैं, ईमेल फ़ॉरवर्डिंग लगा सकते हैं, और जहाँ एक्सटेंशन इजाज़त दे वहाँ WHOIS प्राइवेसी चालू या बंद कर सकते हैं। इनका कोई अलग शुल्क नहीं है। वेब होस्टिंग, मेलबॉक्स और SSL सर्टिफ़िकेट हम अभी नहीं बेचते।

नाम का इस्तेमाल किसी ग़ैरक़ानूनी काम, स्पैम, फ़िशिंग या मैलवेयर के लिए, या किसी और के ट्रेडमार्क के उल्लंघन के लिए नहीं किया जा सकता। ऐसे इस्तेमाल पर रजिस्ट्रार या रजिस्ट्री नाम रोक सकती है।

7. नाम किसी और रजिस्ट्रार पर ले जाना

नाम आपका है और आप उसे किसी और रजिस्ट्रार पर ले जा सकते हैं। रजिस्ट्री के नियम आम तौर पर रजिस्ट्रेशन के पहले 60 दिन में ट्रांसफ़र की इजाज़त नहीं देते। नाम ले जाने के लिए "मेरे डोमेन" पेज पर ट्रांसफ़र कोड माँगिए; कोड माँगते ही नाम का लॉक भी खुल जाता है। कोड किसी को मत दिखाइए। किसी और रजिस्ट्रार से नाम हमारे पास लाने की सुविधा अभी ऑनलाइन नहीं है; मदद वाले पेज से हमें लिखिए।

8. रजिस्ट्री के नियम और नाम पर विवाद

हर एक्सटेंशन की अपनी रजिस्ट्री और अपने नियम होते हैं (जैसे .si को स्लोवेनिया में ARNES की Register.si चलाती है, और .in को NIXI)। नाम रजिस्टर करके आप उस रजिस्ट्री के नियम भी मानते हैं, जिनमें नामों पर विवाद की नीति शामिल है।

9. मदद

किसी ऑर्डर के बारे में सवाल हो, तो मदद वाले पेज से हमें लिखिए, और साथ में डोमेन नाम और वह ईमेल बताइए जिससे आपने साइन इन किया था।

डोमेन खोज पर लौटें